राष्ट्रीय भारतीय जन जन पार्टी ने मथुरा, अमरोहा व संभल के प्रत्याशी घोषित किए
समानता और विकास के मुद्दे पर लोकसभा चुनाव लड़ेगी राभाजजपा: सरस्वती
गाजियाबाद। लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी राष्ट्रीय भारतीय जन जन पार्टी लगातार उम्मीदवार घोषित कर रही है। इसी सिलसिले में पार्टी ने रविवार को कौशाम्बी में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित कर तीन और प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की। इसी के साथ कई नए पदाधिकारियों को संगठन को मजबूत का दायित्व भी सौंपा गया। मंच से पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष व गाजियाबाद लोकसभा प्रत्याशी महंत दिव्य योग माया सरस्वती ने एलान किया कि पार्टी समानता और विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी और एकजुटता से जीत हासिल करेगी।
यहाँ कौशाम्बी स्थित पार्टी मुख्यालय पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत सरस्वती ने कहा कि कम समय में ही भारतीय जन जन पार्टी को मजबूती के साथ खड़ा करने का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों को जाता है। उन्होंने ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा ने देशवासियों को धोखा दिया है। ये पार्टियां जाति और धर्म की राजनीति कर जनता को बांटने का काम कर रही हैं मगर राष्ट्रीय भारतीय जन जन पार्टी आपसी सद्भाव और विकास में यकीन करती है। पार्टी का मकसद किसानों, गरीबों, मजदूरों, युवाओं और महिलाओं समेत सभी तबकों को साथ लेकर चलना है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी नौ प्रान्तों में सौ लोकसभा सीटों पर पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरेगी और जीत दर्ज कराएगी। सम्मेलन में पार्टी के तीन नए लोकसभा उम्मीदवारों की घोषणा की गई जिनमें मथुरा से अमरचन्द गोयल, अमरोहा से पवन कुमार सैनी व संभल से अरविन्द कुमार मौर्य प्रत्याशी घोषित किए गए। इनके अलावा संगठन में रणधीर सिंह दुहन को राष्ट्रीय विधि सलाहकार, अमरचन्द गोयल को राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष, विवेक सिंघल को उत्तर प्रदेश अध्यक्ष तथा जयप्रकाश भारद्वाज को उत्तर प्रदेश मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा गया।
इससे पहले प्रदेश प्रभारी डॉ केके झा, प्रदेश अध्यक्ष विवेक सिंघल, राहुल पुरी, जगदीश आनन्द, वीर सिंह सैनी, प्रहलाद शर्मा, संजय समानिया, धीर सिंह, रामफल, विनोद नगर, रामरती, मिथिलेश मित्तल, लज्जा रानी यादव, आरएस कुशवाह, अखिलेश अरोड़ा, पारूल जलोटा, अमिता सिंह, हर्ष श्रीवास्तव, संदीप शर्मा, जितेंद्र, सुनील त्यागी, पवन सैनी,सतीश मौर्य, कृष्ण कुमार, शिवम शुक्ला, पूनम शर्मा, ममता सिंह, राजीव त्यागी, पुष्कर, आलोक त्यागी, संध्या आदि ने राष्ट्रीय अध्यक्ष का फूलमाला, पगड़ी व तलवार भेंट कर सम्मान किया। सम्मेलन का संचालन पार्टी के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव बीके सक्सेना ने किया।